Breaking
12 Oct 2026, Mon

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत निकाली गई जागरूकता रैली, महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन का दिया संदेश।

संवाददाता समाचार टाउन 

फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश:शारदीय नवरात्रि 2026 के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6 के विशेष अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, संरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से जन-जागरूकता रैली एवं फुट मार्च का आयोजन किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर यमुना प्रसाद, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने अभियान में सहभागिता की।

जागरूकता रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन फतेहगढ़ से किया गया। रैली कोतवाली फतेहगढ़ एवं कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र से होते हुए पुनः पुलिस लाइन फतेहगढ़ परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों, गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान आम नागरिकों, महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या अन्य आपराधिक घटना होने पर महिलाएं चुप रहने के बजाय निर्भीक होकर पुलिस से सहायता प्राप्त करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं।महिला पुलिसकर्मियों ने वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से बचाव और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस विभाग का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और समाज में महिला सम्मान एवं समानता की भावना को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!