Breaking
7 Apr 2026, Tue

नगला बसोला की सरकारी जमीन पर प्रशासन ने चलवाई कंबाइन प्रशासन ने संभाला मोर्चा, डटा रहा प्रशासन।

संवाददाता समाचार टाउन

-भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करवाई गई गेहूं की फसल

-नियम विरुद्ध कटाई की कोशिश के बाद प्रशासन ने संभाला मोर्चा, डटा रहा प्रशासन

तहसील क्षेत्र के शमसाबाद के नगला बसोला गांव में मंगलवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए करीब सरकारी भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल की कटाई शुरू करा दी। तहसीलदार हर्षित की मौजूदगी में भारी पुलिस बल की निगरानी में कंबाइन मशीनों द्वारा फसल को समेटा गया। सोमवार रात को हुए विवाद के बाद मंगलवार सुबह से ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया और मौके पर भारी फोर्स तैनात रही।

फोटो परिचय प्रशासन की मौजूदगी में कराई गई गेहूं की कटाई 

अभिलेखों में गंगा के नाम दर्ज इस करीब 500 बीघा भूमि पर पूर्व में आवंटित 51 पट्टों को प्रशासन ने वर्ष 2023 में ही निरस्त कर दिया था। आरोप था कि ग्राम प्रधान पति ने समर्थकों के साथ मिलकर इस सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बुवाई कर दी थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने पहले ही फसल की कटाई पर रोक लगा दी थी और खड़ी फसल को स्थानीय कोटेदार की सुपुर्दगी में दे दिया था।

सोमवार देर रात हुए हंगामे और तीखी झड़प के बाद, मंगलवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने अपनी देखरेख में फसल कटाई का निर्णय लिया। सुबह होते ही तहसीलदार हर्षित पुलिस बल के साथ खेत पर पहुंच गए। प्रशासन की मौजूदगी में मशीनों द्वारा कटाई का कार्य तेजी से कराया गया। अधिकारियों ने साफ किया कि यह सरकारी संपत्ति है और इसकी उपज पर किसी भी निजी व्यक्ति का अधिकार नहीं है।

फोटो परिचय गंगा कटरी में मौजूद रहा पुलिस फोर्स

एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने बताया वर्ष 2023 में ही इस भूमि के पट्टे निरस्त किए जा चुके हैं, यह पूरी तरह सरकारी भूमि है। नियम विरुद्ध कटाई का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। मंगलवार को प्रशासन ने स्वयं अपनी निगरानी में कटाई कराई है। एकत्रित अनाज को लेकर नियमानुसार अग्रिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इनसेट:>

फसल कटाई के दौरान विधायक पति व एसडीएम में हुई थी नोकझोंक

शमशाबाद:सोमवार देर रात फसल कटाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। आरोप है कि विधायक डॉ. सुरभि के पति डॉ. अजीत गंगवार दो कंबाइन मशीनों और करीब सौ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और कटाई शुरू करा दी। सूचना मिलते ही एसडीएम अतुल कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और कटाई रुकवा दी थी।

इस दौरान विधायक पति और एसडीएम के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। एसडीएम ने साफ कहा कि नियम विरुद्ध कार्य नहीं करने दिया जाएगा। ये सरकारी जमीन है। फसल नियामनुसार कटवा कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी जोड़ा विधायक पति का ये गैर जिम्मेदाराना रवैया था जो नहीं करना चाहिए था। इधर सीओ राजेश कुमार द्विवेदी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया था। वहां पीएसी और पुलिस फोर्स लगा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!