संवाददाता समाचार टाउन
फोटो परिचय आग से जल रही फसल
कायमगंज, संवाददाता कोतवाली क्षेत्र के गांव तुर्क ललैया में रविवार को हाईटेंशन बिजली लाइनों में हुई स्पार्किंग से लगी आग ने पांच बीघा गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। तेज हवाओं के चलते आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और आसपास के खेतों में खड़ी फसल को बचा लिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर के समय बिजली के तारों में अचानक स्पार्किंग हुई और उससे निकली चिंगारी सूखी फसल पर जा गिरी। उस समय चल रही तेज हवा के झोंकों ने आग को पल भर में भड़का दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और किसान सूर्यकांत की तीन बीघा और राम प्रसाद राठौर की दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गई।
खेतों से धुंआ उठता देख ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके की ओर दौड़े। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की कड़ी मेहनत के बाद आग को अन्य खेतों की ओर बढ़ने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के किसानों की फसल सुरक्षित बच गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल और तहसील प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग की है।

