संवाददाता समाचार टाउन
–नई बस्ती मोहल्ले की है घटना, मायके पक्ष में मचा कोहराम, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
कायमगंज, संवाददाता
नगर के मोहल्ला नई बस्ती में रविवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फोटो परिचय मृतका का फाइल फोटो
नगर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी रामू वाल्मीकि की 27 वर्षीय पत्नी प्रीति की रविवार रात अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही प्रीति ने दम तोड़ दिया।
फोटो परिचय गुमसुम बैठे परिजन
मृतका की मां धनदेवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रीति ने करीब ढाई साल पहले मोहल्ले के ही युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से मायके वाले खुश नहीं थे, जिसके चलते उनका आना-जाना भी बंद था। मां का आरोप है उसका पति अक्सर शराब के नशे में प्रीति के साथ मारपीट करता था। वह मायके से पैसे लाने के लिए उस पर लगातार दबाव बना रहा था। रविवार शाम भी उनके बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उसे जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 112 और कस्बा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
फोटो परिचय जांच करती फॉरेंसिक टीम
सोमवार सुबह कोतवाली पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भाटी ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

