संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज: राजस्थान से नौकरी कर घर लौट रहे एक युवक को जहरखुरानी गिरोह ने अपना शिकार बना लिया। गिरोह ने युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया और फिर उसके पास मौजूद मोबाइल, नकदी और कपड़ों से भरा बैग पार कर दिया। बस कर्मियों ने युवक को ब्राहिमपुर के पास सड़क किनारे डाल दिया। परिजनों की तलाश के बाद युवक बेहोशी की हालत में गंभीर हालत में मिला, जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्र के चयोलरा गांव निवासी धर्मवीर राजस्थान में रहकर एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। वह बुधवार की रात अपने गांव वापस आ रहा था। राजस्थान से वह दिल्ली के लिए बैठा फिर वहां से दिल्ली से कायमगंज आने के लिए रोडवेज बस पर बैठा। जहां रास्ते में जहरखुरानी गिरोह ने उसे कुछ सुघा कर अपना शिकार बना लिया और उसके पास से कपड़ों का बैग मोबाइल व नगदी पार कर दी।
इधर बस के चालक और परिचालक ने पीड़ित धर्मवीर को ब्राहिमपुर के पास सड़क के किनारे डाल दिया। इधर जब धर्मवीर घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी और उन्हें धर्मवीर ब्राहिमपुर के पास सड़क के किनारे बेहोशी की हालत में गंभीर अवस्था में बैठा मिला। परिजन उसे सीएचसी लाए। जहां उसका इलाज जारी है।

