संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:मोहल्ला कूंचा निवासी 23 वर्षीय इंजीनियर की नोएडा में नाले में गिरने से मौत हो गई। ड्यूटी पर कंपनी जाते समय पानी भरे रास्ते में फिसलकर वह करंट दौड़ रहे नाले में गिर गया। पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर शव बाहर निकलवाया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
नगर के मोहल्ला कूंचा निवासी 23 वर्षीय आर्यन प्रजापति की गुरुवार को नोएडा में करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। वह एक निजी कंपनी में सोलर पैनल और इन्वर्टर निर्माण इकाई में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
फोटो परिचय रोते बिलखते परिजन व मौजूद आस पड़ोसी
बताया गया कि आर्यन रोजाना की तरह गुरुवार सुबह ड्यूटी के लिए निकला था। रास्ते में जलभराव के बीच सड़क पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह पास के नाले में जा गिरा। नाले में हाई वोल्टेज करंट दौड़ रहा था। इससे मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी उसकी मदद नहीं कर सके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और इसके बाद आर्यन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही कंपनी की एक महिला कर्मचारी ने आर्यन को पहचान लिया और कंपनी को सूचना दी। कर्मचारियों ने उसकी जेब से मिले मोबाइल के जरिए परिजनों को हादसे की जानकारी दी। आर्यन के पिता संजय प्रजापति का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है। पिता की मृत्यु के बाद उसने इलेक्ट्रॉनिक्स से बीटेक की पढ़ाई पूरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभाली और नौकरी के लिए नोएडा चला गया।
फोटो परिचय घर के बाहर बैठे लोग परिजनों से जानकारी करते हुए
वह अपनी मां रानी का इकलौता बेटा और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। दादा रामविलास कन्या विद्या पीठ इंटर कॉलेज से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। रामविलास ने बताया कि उनके तीन पुत्र हैं। बड़े पुत्र संजय का पहले ही निधन हो चुका है। दूसरा पुत्र राजीव नोएडा की एक एक्सपोर्ट फैक्टरी में कार्यरत है, जबकि तीसरा पुत्र मोहित डिलीवरी बॉय है। आर्यन की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही आर्यन की मां रानी और चाचा मोहित नोएडा के लिए रवाना हो गए। वहीं नोएडा में रह रहे चाचा राजीव भी मौके पर पहुंच गए। इकलौते बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

