संवाददाता समाचार टाउन
फर्रुखाबाद जनपद के मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम खलवारा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयसरथ सिंह यादव को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल जयसरथ को फर्रुखाबाद के डॉ. हरदत्त द्विवेदी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि जयसरथ सिंह यादव घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वे खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़े मिले। घटनास्थल पर चारपाई के पास एक रिवाल्वर भी पड़ी मिली। बताया गया उनके सिर में तीन गोलियां लगी हैं।
फोटो परिचय हॉस्पिटल के बाहर लगी भीड़
घटना के समय उनकी पत्नी सहित अन्य परिजन घर के अंदर मौजूद थे। गोली की आवाज सुनकर वे बाहर आए और जयसरथ को घायल अवस्था में पाया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉ. हरिदत्त द्विवेदी ने बताया कि घायल का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने भी तीन गोलियां लगने की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ जमा हो गई। मेरापुर थाना प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि गोली लगने की घटना हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

