संवाददाता समाचार टाउन
फर्रुखाबाद में अघोषित बिजली कटौती और बिना जांच उपभोक्ताओं के घरों का विद्युत लोड बढ़ाकर अधिक बिल भेजे जाने के विरोध में फर्रुखाबाद विकास मंच के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की, लेकिन अधीक्षण अभियंता कार्यालय में मौजूद नहीं मिले, जिसके विरोध में उनका ज्ञापन कार्यालय पर चस्पा कर दिया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता शहर बृजभान सिंह को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बिना डोर-टू-डोर सर्वे किसी भी उपभोक्ता का बिजली लोड न बढ़ाया जाए और अनावश्यक वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए।
अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह ने बताया कि लाइन शिफ्टिंग के लिए की जा रही घोषित बिजली कटौती फिलहाल रोक दी जाएगी तथा यह कार्य अक्टूबर-नवंबर में कराया जाएगा, जिससे गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।

फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि बिना सर्वे लोड बढ़ाने और मनमाने बिल भेजने की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

