संवाददाता समाचार टाउन
जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव निजामुद्दीनपुर में एक 42 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। मंगलवार की सुबह जैसे ही इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आफताब के रूप में हुई है, जो पिछले काफी समय से गांव में ही एक मकान में अकेले रह रहा था।

बैठी हुई अवस्था में मिली लाश ने खड़े किए सवाल:
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के जानकारी देते हुए बताया कि आफताब का शव कमरे के बरामदे में खिड़की के जंगले के सहारे अंगोछे से लटका हुआ था। चौंकाने वाली बात यह है कि शव जमीन पर बैठी हुई अवस्था में पाया गया, जिसके चलते ग्रामीण और परिजन इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं और मामले को संदिग्ध बता रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई मुस्तकीम और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की बारीकी से जांच:
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दिनेश कुमार और उमेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस को सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में दाखिल होना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी मौके पर बुलाया, फोरेंसिक विभाग की टीम ने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्रित किया। थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल आत्महत्या की सूचना दी है, लेकिन मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

