संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:एलवाई डिग्री कॉलेज में बुधवार को नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत विभिन्न आयोजनों के माध्यम से महिलाओं की सशक्त भूमिका को रेखांकित किया गया। छात्राओं ने एक ओर जहाँ विचारों के माध्यम से अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया, वहीं मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत नारी शक्ति दीवार से हुई। इसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण पर अपने बेबाक विचार लिखे और उस पर हस्ताक्षर कर अपनी प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद छात्राओं ने परिसर में विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण किया। यह श्रृंखला एकता, सामाजिक सद्भाव और सामूहिक शक्ति का प्रतीक रही। छात्राओं ने एक-दूसरे का हाथ थामकर यह संदेश दिया कि साझा उद्देश्यों के लिए अनुशासन और एकजुटता ही नारी शक्ति की असली पहचान है। महाविद्यालय में आयोजित विशेष व्याख्यान में छात्राओं ने नारी शक्ति की समकालीन उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज जीवन का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जहाँ महिलाएं अपनी योग्यता सिद्ध न कर रही हों।
छात्राओं ने गौरव के साथ कहा कि आज हम केवल पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर ही नहीं चल रही हैं, बल्कि कई क्षेत्रों में उन्हें पीछे छोड़कर नित नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विनय कुमार सिंह, डॉ. विपिन सिंह, नरेंद्र मिश्रा, दिनेश चंद्र, अरविंद कुमार, डॉ. आरती दुबे, डॉ. मनीषा सक्सेना, अशोक बाथम, संजीव शुक्ला और सत्य नारायण सिंह सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

