संवाददाता समाचार टाउन
-नरसिंहपुर गांव की है घटना, पुलिस ने हमलवार दंपति और पुत्र पर किया केस दर्ज
कायमगंज: नरसिंहपुर गांव में छ दिन पहले रात दबंगों ने एक ग्रामीण के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर गृहस्वामी की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। पीड़ित ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो गए, जिन्हें देख हमलवार जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 अप्रैल की रात करीब 9 बजकर 40 मिनट वह अपने घर में खाना खा रहा था। तभी गांव के ही अनुरुद्ध दुबे उर्फ वोवी, उनकी पत्नी अंजना दुबे और पुत्र लव दुबे हाथों में लाठी-डंडे व पत्थर लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली गलौज की और फिर घर पर पथराव कर दिया। इसके बाद जबरन दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और सुनील कुमार को घसीटकर सड़क पर ले आए, जहां उनकी बर्बरतापूर्वक पिटाई की गई।
पीड़ित सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें पूर्व में दो बार दिल का दौरा पड़ चुका है और उनका इलाज चल रहा है। इस हमले के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें परिजन इलाज के लिए फर्रुखाबाद निजी नर्सिंग होम ले गए। पीड़ित ने बताया कि यह पूरी घटना उनके पड़ोसी सुधीर कुमार के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि अंजना दुबे हाथ में डंडा लिए हुए हैं और बाकी लोग पीड़ित पर हमला कर रहे हैं। घायल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

