संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:नगर की पटवनगली मोहल्ले में गुरुवार रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक तंबाकू व्यवसायी के घर से करीब 26 लाख रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। घटना के दौरान पूरा परिवार जन्मदिन समारोह में गया हुआ था, जिससे चोरी में किसी करीबी की भूमिका की आशंका जताई जा रही है।
फोटो परिचय घटनास्थल पर जांच करते प्रभारी निरीक्षक
नगर के मोहल्ला पटवनगली निवासी तंबाकू व्यवसायी बृजेश शर्मा के घर गुरुवार रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। चोर घर में रखे करीब 26 लाख रुपये के जेवरात और हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। बताया गया कि व्यवसाई बृजेश शर्मा के दो पुत्र लोकेश और देवेश हैं। लोकेश कंपिल रोड स्थित दुर्गा टॉकीज के पास अपने परिवार के साथ अलग मकान में रहते हैं, जबकि बृजेश अपने पुराने घर पटवनगली में पत्नी सुनीता, छोटे बेटे देवेश, बहू ममता और नातिन के साथ रहते हैं। गुरुवार को लोकेश की बेटी अनवी का जन्मदिन था, जिसमें शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर सभी लोग चले गए थे।
फोटो परिचय ऊपरी मंजिल पर पुलिस को जानकारी देता बेटा
बृजेश शर्मा के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह अकेले घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे। गैलरी का दरवाजा खोलने के बाद जब कमरे में पहुंचे तो एक दरवाजे का हिस्सा खुला मिला, जबकि ताला कुंडी में ही लगा था। अंदर जाकर देखा तो सेफ का लॉकर खुला पड़ा था। लॉकर से करीब 26 लाख रुपये के जेवरात और हजारों रुपये की नकदी गायब थी। सूचना पर उनके बड़े बेटे लोकेश समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। कस्बा चौकी प्रभारी अंकुर भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद शुक्रवार दोपहर फॉरेंसिक टीम और नवांगतुक प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
व्यवसायी के मुताबिक, चोरों ने कपड़ों के नीचे रखी चाबी निकालकर लॉकर खोला। उन्होंने आशंका जताई कि शाम करीब साढ़े चार बजे जब परिवार कार्यक्रम में गया, उससे पहले ही कोई व्यक्ति घर में छिप गया होगा और बाद में वारदात को अंजाम देकर छत के रास्ते फरार हो गया। पड़ोस की छत पर राजमिस्त्री के औजार (वसूली) भी पड़ी मिली, जिससे छत के रास्ते भागने की आशंका और मजबूत हो रही है। वही कुछ लोग छत के रास्ते से आने का अनुमान लगा रहे है। चोरी गए सामान में दो सोने की चेन, सात अंगूठियां, चार चूड़ियां, चार पेंडल, चार मंगलसूत्र, 12 जोड़ी पायल, दो जोड़ी झाले, एक जोड़ी टॉप्स समेत अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा पर्स में रखे दो पैन कार्ड, दो आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी और 60 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के अति व्यस्त मोहल्ले में करीब चार घंटे तक चली इस वारदात की भनक किसी को नहीं लगी। मामला अगले दिन तब सामने आया, जब पुलिस की आवाजाही शुरू हुई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया किसी करीबी व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध लग रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
इनसेट:>
सीसीटीवी फुटेज में सुराग तलाश रही पुलिस।
पटवनगली में हुई बड़ी चोरी के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द घटना का पर्दाफाश किया जा सके।

