संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:प्रभारी अपराध शाखा निरीक्षक राम अवतार और सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल सचेन्द्र ने जीएसटी चोरी करने वाले दर्ज मुकदमे में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित टैक्स बचाने के लिए फर्जी और बोगस फर्मों के नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर करोड़ों का खेल किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 6.16 लाख रुपये की नकदी, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मार्च माह में तत्कालीन उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह की तहरीर पर 25 लोगो के खिलाफ बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था जिसमें लालबाग निवासी मो. बिलाल खान भी आरोपित था। बिलाल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी लालबाग में तंबाकू की गोदाम है। वह दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, रामपुर और गाजियाबाद समेत अन्य जगहों पर कच्ची तंबाकू की सप्लाई करता था। भारी टैक्स से बचने के लिए उसने जुबैर और सुखबीर नाम के व्यापारियों के साथ मिलकर बिना बिल के माल भेजने का अवैध कारोबार शुरू कर दिया। आरोपित ने कबूल किया कि टैक्स की चोरी करने के लिए उसने फर्जी फर्मों का सहारा लिया। इन बोगस फर्मों के जरिए वह कूटरचित दस्तावेजों से ई-वे बिल जनरेट करता था, ताकि सरकारी राजस्व को चूना लगाया जा सके।
पुलिस ने आरोपित के पास से 5,94,800 रुपये, जामा तलाशी में 22,010 रुपये, एक मोटरसाइकिल, स्मार्टफोन और एक पैड फोन बरामद किया है।पुलिस ने आरोपित का अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराया। उसके बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

